सूरजपुर। जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अवैध संबंधों के चलते एक युवक ने अपनी ही प्रेमिका मामी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भैसामुंडा निवासी शिवदास की शादी करीब नौ वर्ष पहले पिंकी सोलंकी से हुई थी। कुछ समय बाद रोजगार के सिलसिले में दंपती अंबिकापुर आकर रहने लगे, जहां पिंकी ने एक बेटी को जन्म दिया। इसी दौरान शिवदास का भांजा हेमंत भी काम की तलाश में उनके साथ रहने लगा। पति की अनुपस्थिति में पिंकी और हेमंत के बीच नजदीकियां बढ़ीं और दोनों अवैध संबंध में बंध गए। बाद में पिंकी अपने पति को छोड़कर हेमंत के साथ रहने लगी, जिससे एक बच्चा भी पैदा हुआ।
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में पिंकी की सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर हेमंत में विवाद बढ़ने लगा था। कई बार समझाने के बावजूद बात नहीं बनी तो आरोपी ने हत्या की योजना बना ली। पुलिस के अनुसार 29 जनवरी को अपने जन्मदिन के दिन हेमंत पिंकी को पहले एक होटल ले गया, जहां दोनों ने शराब पी। इसके बाद वह उसे पिलखा पहाड़ स्थित मोरभंज पिकनिक स्पॉट ले गया और जंगल में ले जाकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जयनगर पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। इस वारदात से क्षेत्र में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है।