डॉग रेस्क्यू के नाम पर विवाद: गर्भवती महिला से डॉ. किरण घनश्याम आहूजा ने की मारपीट

रायपुर। राजधानी रायपुर में डॉग रेस्क्यू को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। पीड़िता गुरप्रीत कौर गिल ने पुरानी बस्ती थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने डॉग रेस्क्यू से जुड़ी डॉ. किरण घनश्याम आहूजा पर मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और पालतू कुत्ता ले जाने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार, घटना भांटागांव इलाके की है। गुरप्रीत का कहना है कि उनके दो पालतू पोमेरेनियन कुत्तों को रेस्क्यू करने के लिए पहुंची डॉ. आहूजा ने कथित तौर पर जबरन एक कुत्ते को मृत घोषित कर दिया और उसका इलाज नहीं होने दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसी लापरवाही के चलते उनके एक कुत्ते की मौत हो गई।

गुरप्रीत कौर गिल ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान गर्भवती होने के बावजूद उनके साथ मारपीट की गई, मोबाइल फोन छीना गया और संस्था के नाम पर डराते हुए एक पालतू कुत्ते को अपने साथ ले जाया गया। उन्होंने जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही है।

फिलहाल, पीड़िता ने लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अब तक मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गुरप्रीत की मांग है कि उनका पालतू कुत्ता उन्हें तुरंत वापस दिलाया जाए और मारपीट व मोबाइल चोरी के मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *