850 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात, पूरे मेला क्षेत्र को जोन-सेक्टर में बांटकर की गई विशेष व्यवस्था
राजनांदगांव ।
जिले के डोंगरगढ़ स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध मेले को लेकर राजनांदगांव पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की गई है। इस वर्ष मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, कमांडेंट प्रशांत कतलम एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रदेशभर से कुल 850 अधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को आगामी 10 दिनों के लिए डोंगरगढ़ में तैनात किया गया है।
जोन एवं सेक्टर में विभाजित मेला क्षेत्र
मेला क्षेत्र को सुव्यवस्थित संचालन के लिए चार जोन और विभिन्न सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
जोन-01 में ऊपर स्थित माँ बम्लेश्वरी मंदिर, सीढ़ियां, गर्भगृह, रोपवे और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।
जोन-02 में नीचे मंदिर, मेला परिसर, रेलवे क्रॉसिंग, अंडरब्रिज, रोपवे मार्ग और रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है।
जोन-03 पूरी तरह यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था के लिए निर्धारित है, जिसमें अंजोरा बायपास से लेकर डोंगरगढ़ मंदिर तक सभी प्रमुख मार्गों और पार्किंग स्थलों को शामिल किया गया है।
जोन-04 में सामान्य कानून व्यवस्था, मेला प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक कार्यों की जिम्मेदारी तय की गई है।
चार प्रमुख बिंदुओं पर विशेष फोकस
राजनांदगांव पुलिस द्वारा इस आयोजन में चार मुख्य स्तंभों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है—
मंदिर क्षेत्र की सुरक्षा
अपराध नियंत्रण
यातायात प्रबंधन
पार्किंग व्यवस्था
QRT और विशेष टीम सक्रिय
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) गठित की गई है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगी। इसके अलावा, बाहरी आगंतुकों और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष अपराध नियंत्रण टीमों को भी तैनात किया गया है।
जनता से सहयोग की अपील
राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें, नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
— राजनांदगांव पुलिस