दुर्ग में घरेलू विवाद ने ली जान, नाती बहू ने दादी सास की हथौड़े से हत्या की

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। खाना बनाने को लेकर हुए झगड़े में नाती बहू ने अपनी दादी सास के सिर पर हथौड़ा मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना नंदिनी थाना क्षेत्र के ग्राम बोरी की है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 16 अक्टूबर की है। घर के बाकी सदस्य काम पर गए हुए थे, तभी दादी सास उर्मिला वर्मा और नाती बहू रोशनी वर्मा के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर रोशनी ने घर में रखे हथौड़े से दादी सास के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उर्मिला वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

पड़ोसियों ने घटना की जानकारी मृतका के पति को दी, जिसके बाद नंदिनी पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी पारस सिंह ठाकुर ने बताया कि नाती तोरण लाल वर्मा ने 2023 में रोशनी यादव से अंतरजातीय विवाह किया था। इस विवाह से दादी नाराज थी और दोनों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था।

पुलिस ने आरोपी नाती बहू को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *