DMF घोटाला: ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, आरोपी सतपाल सिंह छाबड़ा गिरफ्तार, 6 दिन की पुलिस रिमांड मंजूर

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जिला खनिज न्यास (DMF) घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो एवं आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ACB-EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सतपाल सिंह छाबड़ा को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने आरोपी को आज अदालत में पेश किया, जहां से उसे 25 फरवरी तक 6 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

कृषि अनुदान कार्यों में अनियमितताओं का आरोप

जांच में सामने आया है कि DMF फंड से संचालित कृषि अनुदान योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमों का उल्लंघन करते हुए वित्तीय अनियमितताएं की गईं। प्राथमिक साक्ष्यों के अनुसार, इन अनियमितताओं से शासन को गंभीर आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

एजेंसी के मुताबिक, आरोपी ने कथित रूप से एक संगठित गिरोह के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। इस सिंडिकेट में कुछ शासकीय अधिकारी, कर्मचारी और व्यापारी शामिल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी कर मनमाने तरीके से भुगतान और स्वीकृतियां दी गईं।

करोड़ों की अवैध कमीशन का मामला

प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने कथित तौर पर कई करोड़ रुपये की अवैध कमीशन राशि नकद तथा अपने रिश्तेदारों के बैंक खातों के माध्यम से प्राप्त की। जांच एजेंसी ने वित्तीय लेन-देन, डिजिटल साक्ष्य और संबंधित दस्तावेजों की गहन पड़ताल की, जिसमें आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त प्रमाण मिलने का दावा किया गया है।

अन्य आरोपियों पर भी जांच जारी

ACB-EOW ने कहा है कि मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहराई से जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।

फिलहाल, पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिससे घोटाले के नेटवर्क और धन के प्रवाह से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *