जिला अधिकारियों ने किया व्यापक मैदानी निरीक्षण

के एस ठाकुर
राजनांदगांव

राजनांदगांव कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों ने शनिवार को विशेष मैदानी निरीक्षण किया। सभी अधिकारी अपने-अपने प्रभार क्षेत्रों में पहुंचकर योजनाओं की वास्तविक प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा नागरिकों को मिल रही सेवाओं की गुणवत्ता का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी नियमित कार्य दिवसों के साथ-साथ फील्ड विजिट कर योजनाओं के लाभ को अंतिम छोर तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर द्वारा साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में मैदानी निरीक्षणों की समीक्षा की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम पंचायतों का दौरा कर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने हितग्राहियों से प्राप्त किस्तों, निर्माण की स्थिति तथा आवास पूर्ण होने में आ रही समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि बारिश पूर्व सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण हों, ताकि हितग्राहियों को सुरक्षित पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों में सड़कों, नालियों, सामुदायिक भवनों, पेयजल संरचनाओं तथा अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *