बिलासपुर में धार्मिक स्थल के पास विवाद, दो समुदायों में झड़प और तोड़फोड़, 10 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर इलाके में शिव मंदिर के पास कथित रूप से एक युवक द्वारा आपत्तिजनक हरकत किए जाने के बाद शनिवार रात दो समुदायों के बीच तनाव फैल गया। देखते ही देखते स्थिति मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में हिंदूवादी नेता राम सिंह ठाकुर भी शामिल हैं, जिन्होंने कुछ दिन पहले गौमांस काटने वाले वायरल वीडियो को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। राम सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को कुछ लोगों ने प्रदर्शन भी किया। फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

कैसे शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात 23 वर्षीय अशरफ खान नामक युवक पर शिव मंदिर के पास पेशाब करने का आरोप लगा। इस घटना की जानकारी आसपास की एक महिला ने मोहल्ले के युवकों को दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अशरफ खान को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

तोड़फोड़ और आगजनी से फैला तनाव

इसी बीच, पुरानी रंजिश के चलते कुछ असामाजिक तत्वों ने मोहल्ले में ठेले और दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। एक ठेला और बाइक में आग लगाने की भी सूचना है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में बल तैनात किया। एसएसपी रजनेश सिंह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और मामले की जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *