धमतरी। छत्तीसगढ़ में धर्मांतरण को लेकर चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांकेर के बाद अब धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है। बोराई गांव निवासी साहू समाज की एक बुजुर्ग महिला, जिन्होंने कुछ समय पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपना लिया था, की गुरुवार को अचानक मौत हो गई। महिला के निधन के बाद उनके शव को गांव में दफनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया।

जानकारी के अनुसार, मृतका के परिजन नगरी शराब दुकान के पीछे वार्ड नंबर-1 में शव को दफनाने की तैयारी कर रहे थे और इसके लिए गड्ढा भी खोदा जा रहा था। इसी दौरान गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दफनाने का विरोध करते हुए शव को वहीं रोक दिया। मामले की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी बोराई गांव पहुंच गए और उन्होंने भी महिला का शव गांव में दफनाने का विरोध किया।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासनिक अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और हालात को संभालने में जुट गया। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। मृतका के परिजनों का कहना है कि वे हिंदू धर्म के रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करना चाहते हैं। पुलिस और प्रशासन दोनों पक्षों से बातचीत कर शांतिपूर्ण समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
