इंदौर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इंदौर में आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नगर निगम में पदस्थ रहे पूर्व सहायक राजस्व अधिकारी राजेश परमार और उनके परिजनों की एक करोड़ छह लाख रुपये मूल्य की संपत्तियां कुर्क कर ली गई हैं। कुर्क की गई संपत्तियों में एक आवासीय मकान, फ्लैट, भूखंड और कृषि भूमि शामिल है।
ईडी की यह कार्रवाई आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी के आधार पर शुरू की गई जांच का हिस्सा है। जांच के दौरान यह पाया गया कि राजेश परमार ने वर्ष 2007 से 2022 के बीच अपनी वैध आय के स्रोतों की तुलना में 175 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की थी।
प्रवर्तन निदेशालय की जांच में परमार इन अर्जित संपत्तियों और आय के स्रोतों के संबंध में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। इसी आधार पर अब निदेशालय ने इन संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश जारी किया है।