परीक्षा पे चर्चा 2026: महासमुंद की बेटी सृष्टि ने प्रधानमंत्री से पूछा सवाल, सीएम साय ने बताया पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद की छात्रा सृष्टि साहू द्वारा परीक्षा पे चर्चा 2026 कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रश्न पूछे जाने को छत्तीसगढ़ के लिए गौरवशाली उपलब्धि बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री निवास से मिला यह आमंत्रण न केवल सृष्टि के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश की बेटियों की बढ़ती प्रतिभा का सम्मान है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर परीक्षा पे चर्चा के नौवें संस्करण के दौरान देशभर से आए विद्यार्थियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को स्वदेशी अपनाने और आगामी 25 वर्षों में विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रधानमंत्री ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस तरह स्वाधीनता सेनानियों ने आजादी का सपना देखा था, उसी तरह आज की युवा पीढ़ी को विकसित भारत के संकल्प के साथ अपना भविष्य गढ़ना चाहिए।

छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने आत्मविश्वास बढ़ाने और घबराहट दूर करने के उपाय भी साझा किए। उन्होंने कहा कि सच्चाई और अपने कार्यों पर भरोसा होने से किसी भी प्रस्तुति का डर समाप्त हो जाता है। गेमिंग में रुचि रखने वाले छात्रों को प्रेरित करते हुए उन्होंने सुझाव दिया कि वे भारत की पौराणिक और ऐतिहासिक कहानियों जैसे पंचतंत्र और अभिमन्यु के चरित्रों पर आधारित स्वदेशी गेम्स विकसित करें।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन हर विद्यार्थी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की बेटियों की यह भागीदारी अन्य विद्यार्थियों को भी जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *