रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मध्य प्रदेश के रीवा के लिए पहली बार सीधी विमान सेवा की शुरुआत होने जा रही है। एलायंस एयर की ओर से 17 मार्च से इस नई उड़ान का संचालन शुरू किया जाएगा। भोपाल और इंदौर के बाद रीवा मध्य प्रदेश का तीसरा ऐसा शहर होगा, जिसके लिए रायपुर से सीधी हवाई यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।
नई फ्लाइट के लिए ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। एयरलाइंस द्वारा तय शुरुआती किराए के अनुसार रायपुर से रीवा का टिकट 3614 रुपये और रीवा से रायपुर का टिकट 4293 रुपये निर्धारित किया गया है। हालांकि, सीटों की उपलब्धता और मांग के अनुसार किराए में उतार-चढ़ाव हो सकता है।
एलायंस एयर ने फिलहाल इस उड़ान को सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार के लिए तय किया है। यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर भविष्य में उड़ानों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह विमान दिल्ली से उड़ान भरकर रीवा पहुंचेगा और वहां से रायपुर आएगा। इसी प्रकार, रायपुर से उड़ान भरने वाला विमान पहले रीवा जाएगा और उसके बाद वहां से दिल्ली के लिए रवाना होगा। इस सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच आवागमन काफी सुगम हो जाएगा।