रोहतक। हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईजी कार्यालय से कुछ ही दूरी पर दिल्ली बाईपास के पास अज्ञात हमलावरों ने दिनेश उर्फ गोगा पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। व्यस्त सड़क पर हुई इस घटना से राहगीरों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक दिनेश गोगा का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर एक तेज रफ्तार वाहन में सवार होकर आए थे और उन्होंने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। सूचना मिलते ही पुलिस की विभिन्न टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से करीब 28 से 30 गोलियों के खोल बरामद हुए हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
वारदात के कुछ समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई है, जिसने मामले को और अधिक सनसनीखेज बना दिया है। इस पोस्ट में दावा किया गया है कि दिनेश गोगा की हत्या अमेरिका में बैठे कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और मोस्ट वांटेड नीरज फरीदपुरिया के इशारे पर की गई है। पोस्ट में अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इस स्थिति के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस अब इस सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है।