गरियाबंद में हीरा तस्कर गिरफ्तार, 63 लाख 50 हजार रुपए के 34 बिना तराशे हीरे बरामद

गरियाबंद। जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई करते हुए गरियाबंद पुलिस और स्पेशल टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ओडिशा से आए एक तस्कर को 34 नग बिना तराशे हुए कीमती हीरों के साथ गिरफ्तार किया है। जप्त हीरों की कुल कीमत लगभग 63 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का नाम बंशी शेट्टी है, जो पड़ोसी राज्य ओडिशा के कालाहांडी क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। आरोपी बॉर्डर पार कर गरियाबंद पहुंचा था और यहां हीरों के खरीदार की तलाश में घूम रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 34 नग बिना तराशे हुए हीरे बरामद किए गए। पहली बार इतनी बड़ी साइज की बहुमूल्य पत्थर पुलिस ने बरामद किए हैं, जो कि 127 कैरेट के बताए जा रहे हैं। माइनिंग विभाग के अधिकारियों ने भी इसे तस्दीक कराई है है, जिनका भी मानना हैं कि यह बहुमूल्य पत्थर हीरा है। हालांकि पुलिस इस बेशकीमती पत्थर का लैब में परीक्षण कराएगी। बहरहाल प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन कीमती हीरों को अवैध रूप से बेचने की फिराक में था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये हीरे कहां से लाए गए और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *