मुंबई। सुपरहिट फिल्म धुरंधर के सीक्वल का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए धुरंधर 2 बड़े पर्दे पर दस्तक दे चुकी है। आमतौर पर सीक्वल से वही पुराना मसाला और रोमांच दोहराने की उम्मीद की जाती है, लेकिन धुरंधर 2 ने इस परंपरा को तोड़कर एक नई राह चुनी है। फिल्म का दूसरा भाग पहले मुकाबले कहीं अधिक सघन और भावनात्मक नजर आ रहा है। आइए जानते हैं कि यह फिल्म अपने पहले भाग से किन पांच प्रमुख बिंदुओं पर अलग है।
- फीमेल लीड और डांस नंबर्स का अभावधुरंधर के पहले भाग में ग्लैमर और गानों का सटीक तालमेल था। विशेषकर क्रिस्टल डिसूजा और आयेशा खान पर फिल्माया गया शरारत गाना काफी लोकप्रिय हुआ था। इसके विपरीत, धुरंधर 2 को पूरी तरह रॉ और रियल रखने की कोशिश की गई है। निर्देशक आदित्य धर ने इस बार किसी भी कमर्शियल डांस नंबर को फिल्म में जगह नहीं दी है, जो कि एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
- सिग्नेचर हुक स्टेप और संगीत की कमीपहले पार्ट का संगीत और अक्षय खन्ना का सिग्नेचर हुक स्टेप दर्शकों के बीच काफी चर्चित रहा था। बलोची भाषा के शब्दों वाले गानों ने एक अलग प्रभाव छोड़ा था। हालांकि, धुरंधर – द रिवेंज में मेकर्स ने रील या सोशल मीडिया के अनुकूल कोई भी हुक स्टेप वाला गाना शामिल नहीं किया है, जिससे फिल्म का मिजाज काफी गंभीर लगता है।
- अक्षय खन्ना की कमीफिल्म के पहले भाग की सबसे बड़ी मजबूती अक्षय खन्ना का किरदार और उनका स्वैग था। उनकी डायलॉग डिलीवरी ने फिल्म को एक अलग ऊंचाई दी थी। धुरंधर 2 में कई खतरनाक विलेन मौजूद हैं, लेकिन कहानी में अक्षय खन्ना जैसी प्रभावशाली मौजूदगी की कमी खलती है। तुलनात्मक रूप से देखें तो उनकी गैरमौजूदगी फिल्म का सबसे बड़ा मिसिंग लिंक है।
- एक्शन के साथ गहरा इमोशनपहला भाग जहां हाई-वोल्टेज ड्रामा और धमाकेदार एक्शन पर केंद्रित था, वहीं दूसरे भाग में धमाकों के साथ भावनाओं को भी प्रमुखता दी गई है। फिल्म में केवल गोलियां ही नहीं चलतीं, बल्कि किरदारों के बीच के भावनात्मक जुड़ाव को भी बखूबी पर्दे पर उतारा गया है। यह बदलाव फिल्म को पहले भाग की तुलना में अधिक संजीदा बनाता है।
- हमजा के अतीत का खुलासापहले भाग में हमजा के किरदार को लेकर दर्शकों के मन में काफी उत्सुकता थी। वह एक भारतीय जासूस के रूप में नजर आया था, लेकिन उसके अतीत की परतें नहीं खुली थीं। धुरंधर 2 में जसकीरत के हमजा बनने तक के सफर को विस्तार से दिखाया गया है, जो दर्शकों की पुरानी जिज्ञासाओं को शांत करता है।
बॉक्स ऑफिस के शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि धुरंधर 2 पहले भाग की फोटोकॉपी न होकर भी दर्शकों को प्रभावित करने में सफल रही है।