धार भोजशाला विवाद: 23 जनवरी को जुमे की नमाज को लेकर मुस्लिम समुदाय ने ASI के नाम SDM को सौंपा ज्ञापन

मध्यप्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला परिसर को लेकर एक बार फिर गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुस्लिम समुदाय ने 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को जुमे की नमाज अदा करने की अनुमति और सुचारु व्यवस्था की मांग को लेकर आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (ASI) के नाम एक ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को सौंपा है।

यह ज्ञापन कमाल मौला इंतजामिया कमेटी की ओर से दिया गया, जिसमें राष्ट्रीय संरक्षित स्मारक भोजशाला कमाल मौलाना मस्जिद परिसर में जुमे की नमाज का आयोजन निर्बाध, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से कराए जाने की मांग की गई है। साथ ही राज्य के वैधानिक दायित्वों के अभिलेखीकरण और उनके पालन को सुनिश्चित करने की बात कही गई है।

ASI के पुराने आदेश का हवाला

कमाल मौला मस्जिद नमाज इंतजामिया कमेटी के प्रतिनिधि जुल्फिकार पठान ने बताया कि ज्ञापन में 7 अप्रैल 2003 को ASI द्वारा जारी आदेश का उल्लेख किया गया है, जिसके तहत भोजशाला परिसर में नमाज की अनुमति दी गई थी। उसी आदेश के अनुरूप 23 जनवरी को पड़ने वाले जुमे के दिन नमाज में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी गई है।

प्रशासन ने आगे बढ़ाया ज्ञापन

एसडीएम राहुल गुप्ता ने बताया कि मुस्लिम समुदाय की ओर से प्रस्तुत ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अग्रेषित कर दिया जाएगा।

गौरतलब है कि भोजशाला परिसर को लेकर समय-समय पर धार्मिक और प्रशासनिक गतिविधियां सामने आती रही हैं, ऐसे में प्रशासन की भूमिका पर सभी की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *