धमतरी को मिला उद्योग ,महापौर रामू रोहरा के प्रयास से ग्राम छाती में बनेगा आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट

धमतरी। महापौर रामू रोहरा के प्रयासों से धमतरी में विकास की नई कड़ी लगातार जुड़ती जा रही है। जिले के ग्राम छाती में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट की स्वीकृति मिली है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के किसानों, गौ पालकों और डेयरी व्यवसाय से जुड़े लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
प्रस्तावित मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट के स्थापित होने से धमतरी और आसपास के क्षेत्रों में उत्पादित दूध का संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन आधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा सकेगा। अभी तक कई बार दुग्ध उत्पादकों को उचित बाजार और उचित मूल्य नहीं मिल पाता, लेकिन इस प्लांट के शुरू होने से दूध उत्पादकों को सीधे लाभ मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि धमतरी जिला कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में समृद्ध है। यहां बड़ी संख्या में किसान और गौ पालक डेयरी व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना से स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को अपने दूध के लिए बेहतर बाजार मिलेगा और उन्हें अपनी उपज का उचित मूल्य भी प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि इस प्लांट के शुरू होने से दुग्ध से बनने वाले विभिन्न उत्पादों जैसे घी, दही, पनीर सहित अन्य डेयरी उत्पादों का निर्माण भी स्थानीय स्तर पर संभव होगा। इससे डेयरी उद्योग को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
महापौर ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ धमतरी को दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी प्रयास का परिणाम है कि जिले में विकास कार्यों की श्रृंखला निरंतर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना से न केवल किसानों और गौ पालकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी बल्कि धमतरी जिले की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी। आने वाले समय में यह परियोजना जिले के दुग्ध उत्पादन और डेयरी व्यवसाय को नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। महापौर रामू रोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी क्षेत्र में अब उद्योग की स्थापना से रोजगार मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *