ठेकेदार की मनमानी से सभी त्रस्त
दिलीप गुप्ता
सरायपाली :- बैतारी स्थित राधे कृष्ण आयल मिल के सामने छोड़े गए क्रासिंग को बंद किए जाने बाबत लगभग एक माह पूर्व सीएमओ द्वारा ठेकेदार को लिखित आदेश दिए जाने के बावजूद आज तक इसे बंद किए जाने की कार्यवाही ठेकेदार द्वारा प्रारंभ नहीं किए जाने से ठेकेदार की मनमानी व आदेश की अवहेलना किए जाने का मामला सामने आया है । इससे यह भी स्पष्ट होता है कि कैसे एक ठेकेदार द्वारा अपने दो उच्च अधिकारियों के आदेश की अवहेलना करते हुवे जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी लापरवाही की जा रही है । क्रासिंग बंद नहीं किए जाने पर बैतारी के ग्रामीणजनों द्वारा प्रशासन व ठेकेदार के खिलाफ आंदोलन किए जाने की जानकारी दी गई है ।
ज्ञातव हो कि नगरपालिका द्वारा नगर में बनाए गये गौरवपथ में मनमाने रूप से चुनावी फायदे के लिए बनाए गए क्रासिंग के खिलाफ ” आज की जनधारा” द्वारा लगातार समाचार का प्रकाशन कर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जाता रहा था । जिसके परिणाम स्वरूप एसडीएम द्वारा विगत 10/12/25 को जांच समिति का गठन किया गया था । जांच समिति द्वारा इसे अनावश्यक घोषित किया गया था । एसडीएम के निर्देश पर सीएमओ द्वारा पत्र क्रमांक 1126/नपाप/लोनिवि/2025-26 दिनाँक 18/2/26 के तहत संबंधित ठेकेदार को उक्त क्रासिंग को बंद किए जाने का आदेश जारी कर खा गया है कि बंद की सूचना दी जाए ताकि इसकी सूचना एसडीएम को दी जा सके ।
नगरपालिका द्वारा बैतारी चौक के पास स्थित राधा कृष्ण आयल मिल के सामने अनावश्यक रूप से लगभग 60 फीट चौड़ी क्रासिंग का निर्माण प्राक्कलन के विरुद्ध मिल मालिक को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से छोड़ दिया गया था । इस क्रासिंग को जनहित , सुरक्षा व बेहतर तथा सुरक्षित यातायात को देखते हुवे बंद किए जाने की मांग अनेको बार की गई थी । किंतु नगरपालिका द्वारा इसे कभी भी स्वार्थवश गंभीरता पूर्वक नहीं लिया गया ।
इसे ध्यान में रखते हुवे “” आज की जनधारा”” द्वारा लगातार समाचार प्रकाशन किया गया था व एसडीएम को शिकायत किये जाने के बाद एसडीएम द्वारा इसे गंभीरता से लेते हुवे विगत 10/12/25 को तीन सदस्यों की एक जांच टीम गठित कर जांच के प्रतिवेदन दिये जाने हेतु आदेशित किया गया ।
इस संबंध जांच टीम द्वारा एसडीएम को जांच रिपोर्ट सौंप दी गई थी । जिसमें इस क्रासिंग के संबंध में कहा गया है कि राधा कृष्ण आयल मिल के सामने गौरव पथ में आने जाने हेतु बीच में मध्य का रास्ता खुला हुआ है। इस मिल के आसपास कोई भी रिहायशी क्षेत्र तथा आबादी की बसाहट नहीं है । इस क्रासिंग का आमजनता को कोई लाभ भी नहीं है । उक्त डिवाइडर के पास क्रासिंग को अनावश्यक रूप से बनाया गया है, जिसे हटाये जाने से आम नागरिको को कोई परेशानी नहीं होगी।
एसडीएम अनुपमा आनंद द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी को पत्र क्रमांक 2730/क/ स्टेनो /अवि अ/2026 दिनांक 12/2/26 के तहत पत्र लिखकर उक्त क्रासिंग को बंद किए जाने हेतु कहा गया था । सीएमओ द्वारा पत्र के परिपालन के तहत गौरवपथ के ठेकेदार रामनिवास अग्रवाल को पत्र लिखकर एसडीएम के आदेश के तहत तत्काल उक्त क्रासिंग को बंद कर सूचित किए जाने हेतु निर्देशित किया गया था ।
इस संबंध में सीएमओ दिनेश यादव ने बताया कि पत्र लिखे जाने के बाद भी मौखिक रूप से ठेकेदार के प्रतिनिधि को 2-3 बार शीघ्र क्रासिंग बंद किए जाने हेतु कहा गया है किंतु इसके बावजूद भी आदेश की अवहेलना ठेकेदार द्वारा की जा रही है । इसकी जानकारी एसडीएम के साथ ही उच्च अधिकारियों को भी दी जायेगी ।
