सुदूर वनांचल में उप मुख्यमंत्री की चौपाल, 56 लाख से अधिक के विकास कार्यों को मिली हरी झंडी

रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिले के अंतिम छोर स्थित सुदूर वनांचल क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा जनसंवाद किया। उन्होंने बैगा बाहुल्य ग्राम आमानारा, लरबक्की और कुकरापानी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही 56 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की स्वीकृति दी। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों की मांग पर दो स्थानों का प्रभार संभाल रहे सचिव को केवल ग्राम आमानारा का ही प्रभार सौंपने के निर्देश भी दिए गए।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बीते दो वर्षों में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत आमानारा, लरबक्की और कुकरापानी जैसे बैगा बाहुल्य गांवों में बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1,000 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है। साथ ही, पंचायत स्तर पर अटल डिजिटल सुविधा केंद्र खोले जा रहे हैं, जिससे महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगों को पेंशन तथा छात्रों को छात्रवृत्ति के लिए बैंक तक नहीं जाना पड़ेगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज की व्यवस्था की जा रही है। ग्राम लरबक्की के स्कूल में स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने पीएम जनमन योजना को विशेष पिछड़ी जनजातियों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया और कहा कि इसके तहत बसाहटों तक पक्की सड़कों की कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा रही है।

ग्रामीणों की मांग पर विकास कार्यों की घोषणाएं
जनसंवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ग्राम आमानारा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, बरपानी में आंगनबाड़ी भवन निर्माण तथा चरणतीरथ में मंदिर सौंदर्यीकरण की घोषणा की। इसके साथ ही गाड़ाघाट, झूरगीदादर, आमानारा और बरपानी में हैंडपंप निर्माण के निर्देश दिए।

ग्राम लरबक्की में 20 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवन, 6 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच और बदनापानी में 5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की गई। ग्राम कुकरापानी में वार्ड 7 एवं 8 में 5.20 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, वार्ड 4 में हैंडपंप और वार्ड 8 में सोलर पंप लगाने की स्वीकृति दी गई। वहीं, ग्राम कोटनापानी और जामपानी में 5-5 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक मंच निर्माण की घोषणा की गई।

इस अवसर पर विदेशीराम धुर्वे, रामकिंकर वर्मा, विजय पाटिल, नंद श्रीवास, नितेश अग्रवाल, बिहारी धुर्वे, रूपसिंह धुर्वे, नरेश चंद्रवंशी, हेमचंद चंद्रवंशी, मोहन धुर्वे, राजेंद्र कुंजाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *