साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने वाली रिया तिवारी का उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया सम्मान…

रायपुर। बिहार की राजधानी पटना में 25 से 29 दिसंबर तक आयोजित साउथ एशियन बॉल बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान और श्रीलंका की टीमों ने भाग लिया था।

इस चैंपियनशिप में विजेता भारतीय टीम का हिस्सा रहीं कवर्धा की होनहार खिलाड़ी रिया तिवारी ने देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। उनकी इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने रिया तिवारी को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि रिया तिवारी की यह उपलब्धि केवल कवर्धा जिले ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित किया है कि प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उन्होंने विश्वास जताया कि रिया भविष्य में भी देश के लिए अनेक पदक जीतेंगी और प्रदेश की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, ताकि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकें।

वहीं, रिया तिवारी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और अपने कोच अविनाश चौहान एवं जय किशन को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन, अनुशासन और प्रेरणा के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। यह जीत उनके लिए केवल एक पदक नहीं, बल्कि खेल जीवन की नई शुरुआत है और वह आगे भी पूरे समर्पण के साथ देश और प्रदेश के लिए बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *