रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने नई दिल्ली में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में खेल प्रशिक्षण और अधोसंरचना को मजबूत करने संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा की।

अरुण साव ने राज्य में भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) का रीजनल सेंटर, नेशनल सेंटर ऑफ एक्सिलेंस (NCOE), रायपुर में टेनिस के लिए खेलो इंडिया एक्सिलेंस सेंटर तथा बिलासपुर स्थित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान के क्षेत्रीय केंद्र और खेलो इंडिया एक्सिलेंस सेंटर में दो अतिरिक्त खेलों की स्वीकृति का अनुरोध किया।
उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया योजना के तहत 23 खेल अधोसंरचनाओं के निर्माण प्रस्ताव मंत्रालय को भेजे गए हैं, जिनकी मंजूरी राज्य के खिलाड़ियों के विकास के लिए आवश्यक है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की भरपूर संभावनाएं हैं, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण उन्हें राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के जरिए ओलंपिक, एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए उच्च स्तरीय खिलाड़ी तैयार करना है।