रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्रों में पिछले तीन दिनों से सुबह के समय घने कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी की स्थिति बनी हुई है। बीते दस दिनों से इन इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। फिलहाल पूरा प्रदेश कड़ाके की ठंड की चपेट में है।
मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 24 घंटों के दौरान बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। मंगलवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। दुर्ग संभाग में भी एक-दो स्थानों पर शीत लहर की स्थिति रही।
राजधानी रायपुर में 23 दिसंबर को धुंध छाए रहने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।