एलपीजी संकट की आशंका के बीच बढ़ी इंडक्शन चूल्हों की मांग, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर स्टॉक खत्म

नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और एलपीजी की आपूर्ति में संभावित बाधाओं के बीच देश भर में इंडक्शन चूल्हों की मांग में जबरदस्त उछाल देखा गया है। स्थिति यह है कि ब्लिंकिट, जेप्टो, स्विगी इंस्टामार्ट और बिग बास्केट जैसे क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन चूल्हे आउट ऑफ स्टॉक हो गए हैं। लोग एलपीजी सिलेंडर के सुरक्षित विकल्प के रूप में इलेक्ट्रिक उपकरणों को अपना रहे हैं।

अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसे प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी इन उपकरणों की भारी बिक्री हो रही है। अमेजन इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले दो दिनों में इंडक्शन चूल्हों की बिक्री में 30 गुना से अधिक का इजाफा हुआ है। इसके अलावा राइस कुकर और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर की मांग सामान्य से चार गुना बढ़ गई है, जबकि एयर फ्रायर और मल्टी-यूज केतली की बिक्री में भी लगभग दोगुनी वृद्धि देखी गई है।

फ्लिपकार्ट ने भी मांग में भारी तेजी की पुष्टि की है। कंपनी के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में उपभोक्ता भविष्य में गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव और आपूर्ति की कमी के डर से वैकल्पिक साधनों की ओर रुख कर रहे हैं। पिछले चार-पांच दिनों में ही इंडक्शन चूल्हों की बिक्री चार गुना बढ़ गई है।

मांग में यह अचानक उछाल रसोई गैस की भविष्य की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता को दर्शाता है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने ऊर्जा आपूर्ति में व्यवधान की आशंका को जन्म दिया है। हालांकि सरकार स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास कर रही है। तेल विपणन कंपनियों ने वितरकों को निर्देश दिए हैं कि वे अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों जैसे आवश्यक क्षेत्रों में गैस आपूर्ति को प्राथमिकता दें।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया है कि सरकार ने 8 मार्च को एक आदेश जारी कर रिफाइनरियों को एलपीजी उत्पादन को अधिकतम करने का निर्देश दिया है। घरेलू एलपीजी उत्पादन में लगभग 25 प्रतिशत की वृद्धि की गई है ताकि आम उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *