नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे (सेवानिवृत्त) की अप्रकाशित आत्मकथा ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ की प्री-प्रिंट कॉपी ऑनलाइन लीक होने की शिकायत पर कड़ा रुख अपनाया है। यह पुस्तक फिलहाल रक्षा मंत्रालय से अंतिम मंजूरी मिलने की प्रतीक्षा में है, लेकिन इससे पहले ही इसकी पीडीएफ कॉपी सोशल मीडिया और विभिन्न वेबसाइट्स पर वायरल हो गई है।
सोशल मीडिया और ऑनलाइन न्यूज फोरम्स पर यह जानकारी सामने आई थी कि पुस्तक की टाइप-सेट कॉपी बिना अनुमति के साझा की जा रही है। दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए सत्यापन में पाया गया कि पेंगुइन रैंडम हाउस द्वारा तैयार की गई पुस्तक की डिजिटल कॉपी कई अवैध साइट्स पर उपलब्ध है। कुछ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी पुस्तक को इस तरह प्रदर्शित किया गया है जैसे वह बिक्री के लिए उपलब्ध हो।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इस प्रकरण की जांच स्पेशल सेल को सौंप दी है। स्पेशल सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें मुख्य रूप से लीक के स्रोत और सुरक्षा उल्लंघन के पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जनरल नरवणे की इस पुस्तक में साल 2020 के गलवान संघर्ष और लद्दाख में चीन के साथ हुए गतिरोध से जुड़े कई महत्वपूर्ण विवरण शामिल हैं। संवेदनशील जानकारी होने के कारण यह पुस्तक साल 2024 से ही प्रकाशन की मंजूरी के लिए लंबित है। हाल ही में राजनीतिक गलियारों में भी इस पुस्तक के अंशों को लेकर चर्चाएं तेज हुई थीं। पुलिस का कहना है कि जांच के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी अनधिकृत सामग्री के प्रसार से राष्ट्रीय सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।