बिलासपुर के कुरदर वैली रिसॉर्ट में परोसा जा रहा था हिरण का मांस: मैनेजर समेत चार कर्मचारी गिरफ्तार, मुख्य सप्लायर फरार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाले कोटा क्षेत्र स्थित कुरदर वैली रिसॉर्ट में वन्य प्राणी हिरण का मांस पकाए जाने की सूचना पर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने रिसॉर्ट के किचन में दबिश देकर पका हुआ मांस बरामद किया और इस मामले में संलिप्त चार लोगों को हिरासत में लिया है।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट के मैनेजर और तीन अन्य कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रजनीश सिंह, रमेश यादव, संजय वर्मा और रामकुमार टोप्पो के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया है कि इस अवैध शिकार और मांस की सप्लाई के पीछे जनक बैगा नामक व्यक्ति का हाथ है, जो फिलहाल फरार चल रहा है। वन विभाग की टीमें फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि वन विभाग ने मौके से जब्त किए गए मांस को सील कर दिया है और इसे वैज्ञानिक जांच के लिए उच्च स्तरीय प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि लैब रिपोर्ट में हिरण के मांस की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की कड़ी धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रिसॉर्ट में इस तरह की गतिविधि सामने आने के बाद क्षेत्र के अन्य पर्यटन केंद्रों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *