बहन की शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे इकलौते भाई की मौत, निर्माणाधीन पुलिया बना काल…

नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले से एक ऐसा दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में 11 मार्च को बेटी की डोली उठने वाली थी और शहनाइयां बजने की तैयारी थी, वहां अब इकलौते बेटे की अर्थी उठने की खबर से कोहराम मच गया है। बहन की शादी का कार्ड बांटने गया 20 साल का सौरभ अब कभी घर वापस नहीं लौटेगा।


अंधेरे में नहीं दिखा मौत का गड्ढा

जानकारी के मुताबिक, हादसा नीमच-सिंगोली मार्ग पर ग्राम दड़ोली के पास हुआ। मृतक सौरभ गंगवाल (20) अपने साथी गौरव के साथ रतनगढ़ में रिश्तेदारों को शादी का न्योता देकर बाइक से वापस लौट रहा था। रास्ते में एक पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके कारण मुख्य रास्ता बंद था। बताया जा रहा है कि वहां डायवर्जन के लिए कोई साफ संकेतक (Sign Board) नहीं लगा था और जो चेतावनी बोर्ड था, वह भी नीचे गिरा हुआ था। अंधेरा होने के कारण सौरभ को निर्माणाधीन पुलिया का अंदाजा नहीं लगा और उसकी बाइक सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरी।

मौके पर ही तोड़ दिया दम

पुलिया में गिरने के बाद हुए इस भीषण हादसे में सौरभ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उसका साथी गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए नीमच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सौरभ अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था और अपनी बड़ी बहन की शादी को लेकर बहुत उत्साहित था। घर के लाडले की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।

लापरवाही ने ली जान?

स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर काफी गुस्सा है कि निर्माणाधीन साइट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। रतनगढ़ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *