सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के मोती नगर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब खुरई रोड स्थित गल्ला मंडी के पास एक युवक का शव बीच सड़क पर लगे होर्डिंग पोल से लटका मिला। शुक्रवार की सुबह राहगीरों ने जब युवक को फंदे पर झूलते देखा, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने जताया हत्या का शक मृतक की पहचान गल्ला मंडी निवासी 22 वर्षीय हीरालाल (पिता परमलाल) के रूप में हुई है। हालांकि शुरुआती तौर पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, लेकिन मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि कुछ नामजद लोगों ने हीरालाल की हत्या करने के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसे पोल से लटका दिया है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से अब तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की तफ्तीश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है।