फ्लाईओवर पर खड़ी कार में तीन लोगों की मिली लाश, सामूहिक आत्महत्या की आशंका से दहला इलाका

नई दिल्ली: देश की राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में से एक पीरागढ़ी में रविवार शाम एक खौफनाक मंजर देखने को मिला। फ्लाईओवर के ऊपर खड़ी एक सफेद रंग की टाटा टिएगो कार के भीतर से तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

पीने के सामान में जहर मिलाकर जान देने की आशंका सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के हालातों को देखते हुए मामला सामूहिक आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार के भीतर कुछ संदिग्ध पेय पदार्थ (Liquid) मिले हैं, जिन्हें पीकर तीनों ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली होगी। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।

मृतकों की हुई पहचान, लूटपाट की संभावना से इनकार डीसीपी (पश्चिम) सचिन शर्मा के मुताबिक, मृतकों की उम्र 40 से 70 वर्ष के बीच है। पुलिस ने तीनों की पहचान कर ली है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है। जांच अधिकारी ने फिलहाल लूटपाट या हत्या की संभावना से इनकार किया है, क्योंकि कार के भीतर सामान सुरक्षित पाया गया है। तीनों ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।

फ्लाईओवर पर घंटों लगा रहा जाम फ्लाईओवर पर खड़ी कार में शव मिलने और पुलिस की कार्रवाई के चलते बाहरी दिल्ली की ओर जाने वाले रास्ते पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और कार को जब्त कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि कार फ्लाईओवर पर कब से खड़ी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *