आधी रात को हाईवे पर बिछी लाशें: बारात छोड़कर लौट रही बस ने कार को मारी टक्कर, 5 की मौत 6 घायल

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे 719 पर गोहद थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रात करीब 2:30 बजे एक तेज रफ्तार खाली बस ने यात्रियों से भरी ईको कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बस भिंड में बारात छोड़कर वापस ग्वालियर की ओर जा रही थी, वहीं ईको कार ग्वालियर से भिंड की तरफ आ रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में एक की पहचान भिंड निवासी जगदीश भदौरिया के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पटवारी के पद पर कार्यरत थे और पूर्व सैनिक भी थे। एक अन्य मृतक की पहचान अतुल शिवहरे के रूप में हुई है, जबकि अन्य की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि ईको कार के पुराने मालिक ने वाहन बेच दिया था और वर्तमान खरीदार का मोबाइल फिलहाल बंद आ रहा है। इस हादसे ने नेशनल हाईवे 719 पर सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने हाईवे को फोरलेन करने या नया मार्ग बनाने की मांग की है ताकि आए दिन होने वाली इन मौतों पर लगाम लगाई जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *