रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। छात्र अब 27 मार्च 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपना आवेदन जमा कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 23 मार्च निर्धारित थी, लेकिन छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त समय प्रदान किया है।
इस नई समय-सारणी के अनुसार, रायपुर जिले के सभी शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग, मेडिकल, नर्सिंग, पॉलिटेक्निक और आईटीआई में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। संस्थाओं के लिए आवेदन के प्रस्ताव लॉक करने की अंतिम तिथि 29 मार्च और सैंक्शन ऑर्डर लॉक करने की अंतिम तिथि 30 मार्च तय की गई है।
छात्रवृत्ति के लिए पात्रता और शर्तें
योजना के तहत अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के विद्यार्थियों के अभिभावकों की वार्षिक आय सीमा 2.50 लाख रुपये निर्धारित है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए वार्षिक आय सीमा 1 लाख रुपये रखी गई है। आवेदकों को अपने आवेदन के साथ जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और पिछले वर्ष का परीक्षा परिणाम संलग्न करना अनिवार्य होगा।
नये नियमों का पालन जरूरी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा। इस बार से छात्रवृत्ति प्रक्रिया में कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं। अब जियो-टैगिंग, नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन और नई संस्थाओं के लिए बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन को अनिवार्य कर दिया गया है। इन प्रक्रियाओं के बिना आवेदन पूर्ण नहीं माना जाएगा।