नवा रायपुर में डी.एड. अभ्यर्थियों का दांडी मार्च, 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग तेज

नवा रायपुर। सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के अंतर्गत डी.एड. प्रशिक्षित अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। अपने संवैधानिक अधिकार और न्याय की मांग को लेकर गुरुवार, 12 मार्च 2026 को तूता धरना स्थल, नवा रायपुर से अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्ण दांडी मार्च निकाला। इस मार्च में बड़ी संख्या में डी.एड. प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया और राज्य सरकार से 2300 सहायक शिक्षक पदों पर जल्द नियुक्ति देने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आमरण अनशन का आज 79वां दिन है, लेकिन इसके बावजूद शासन की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे अभ्यर्थियों में निराशा और आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने कहा कि माननीय हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद सहायक शिक्षक भर्ती के 2300 पद अभी भी रिक्त हैं, जबकि हजारों डी.एड. प्रशिक्षित अभ्यर्थी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों के अनुसार, दांडी मार्च का उद्देश्य शासन-प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करना है, ताकि न्यायालय के आदेशों का सम्मान करते हुए जल्द से जल्द सभी रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से मांग की है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर तत्काल नियुक्ति दी जाए और न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए योग्य अभ्यर्थियों को न्याय प्रदान किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *