ग्राहक सेवा केंद्र की आड़ में सायबर ठगी का हुआ भाण्डाफोड़

जांच में नकली ड्राइविंग लायसेंस बनाये जाने का भी हो सकता हैं खुलासा रायगढ़ l मैट्रीमोनियल के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।

पुलिस की रेड में मौके से कॉल सेंटर में कॉल करने वाली तकरीबन दर्जन भर युवतियां और मौके से कई सरकारी विभागों के फर्जी सील बरामद हुए हैं। पुलिस ने संचालक सहित दर्जन भर युवतियों को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। रायगढ़ पुलिस को शहर के दरोगा पारा इलाके में फर्जी कॉल सेंटर संचालित होने की लगातार शिकायत मिल रही थी। इस पर पुलिस ने छापा मारकर इस पूरे गोरखधंधे का खुलासा किया।

पुलिस ने दरोगा पारा क्षेत्र में संचालित शांति देवी सोसायटी एंड एजुकेशन और निधि जन सेवा केंद्र में एक साथ रेड की कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कॉल सेंटर से 18 से 22 साल की दर्जन भर से अधिक युवतियां मिलीं, जो कॉलिंग का काम कर रही थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मैरिज ब्यूरो के नाम पर युवकों का रजिस्ट्रेशन करते थे और फिर लड़कियों की तस्वीर दिखाकर उन्हें झांसे में लेते थे।

इसके बाद कॉल सेंटर की युवतियों से फर्जी कॉल करवाकर ठगी को अंजाम दिया जाता था। पुलिस को मौके से कई सरकारी विभागों के फर्जी सील और बड़ी संख्या में फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद हुए हैं। लाइसेंस में आरटीओ के फर्जी हस्ताक्षर पाए गए हैं। ऐसे में व्यापक पैमाने पर नकली लायसेंस बनाने की भी संभावना जतायी जा रही हैं l यह पूरा नेटवर्क ग्राहक सेवा केंद्र के नाम पर संचालित किया जा रहा था और दरोगा पारा में दो अलग-अलग संस्थानों के जरिए मिलकर इस ठगी को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *