सीआरपीएफ 226वीं बटालियन ने गोमगुड़ा में आयोजित किया ‘सिविक एक्शन प्रोग्राम’, 700 से अधिक ग्रामीणों को बांटी राहत सामग्री और दवाइयां

सुकमा : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 226वीं बटालियन द्वारा सिविक एक्शन प्रोग्राम (CAP) के तहत सुकमा जिले के अति संवेदनशील एवं घने वन क्षेत्र स्थित एफओबी गोमगुड़ा में एक सफल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक (छत्तीसगढ़) श्री शालिन (IPS) के प्रभावी मार्गदर्शन एवं उप महानिरीक्षक (ऑप्स), सुकमा श्री आनंद सिंह राजपुरोहित के पर्यवेक्षण में, कमांडेंट 226 बटालियन श्री एच.पी. सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय ग्रामीणों को आवश्यक सामग्री एवं कल्याणकारी सहायता प्रदान करना था। कार्यक्रम में पालागुड़ा, भीमापुरम, मिनागट्टा, जोलरगुड़ा, करकांगुड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से 700 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लिया और इसका लाभ प्राप्त किया।


कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की उपयोगी सामग्री वितरित की गई, जिसमें शैक्षणिक सामग्री जैसे लाइनदार एवं सादा कॉपी, पेन एवं पेंसिल बॉक्स, स्कूल बैग, ड्राइंग बॉक्स शामिल थे। इसके अतिरिक्त उपयोगिता सामग्री जैसे 200 लीटर क्षमता के पानी के टैंक, सोलर लैंप एवं टिन शीट्स प्रदान किए गए। युवाओं को प्रोत्साहित करने हेतु खेल सामग्री जैसे वॉलीबॉल, फुटबॉल, वॉलीबॉल नेट, कैरम बोर्ड एवं पूर्ण क्रिकेट किट वितरित किए गए। घरेलू उपयोग की वस्तुओं में एल्यूमिनियम कड़ाही, पतीला, स्टील के बर्तन, बड़े एवं छोटे चम्मच, छाते, साड़ियां, लुंगी, मच्छरदानी एवं डबल लेयर कंबल शामिल थे। साथ ही आजीविका को बढ़ावा देने हेतु साइकिल, सिलाई मशीन, फावड़ा, कुल्हाड़ी एवं गैंती भी वितरित की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा सहायता भी प्रदान की गई, जिसमें एसएमओ डॉ. एस. कृष्णा के मार्गदर्शन में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के समापन उपरांत सभी ग्रामीणों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई, जिससे आपसी सौहार्द एवं विश्वास को और मजबूती मिली।
इस अवसर पर ग्रामीणों से संवाद करते हुए अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य उनके जीवन स्तर में सुधार लाना, शिक्षा को बढ़ावा देना एवं उन्हें किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रभाव से दूर रखना है। साथ ही सुरक्षा बलों द्वारा निरंतर सहयोग एवं समर्थन का आश्वासन भी दिया गया।
कार्यक्रम को ग्रामीणों द्वारा अत्यंत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली तथा उन्होंने सुरक्षा बलों के प्रति अपनी खुशी एवं आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *