दरिंदगी की सारी हदें पार : स्कूल के लंच ब्रेक में नाबालिग का अपहरण कर किया गैंगरेप, वीडियो बनाकर करते रहे ब्लैकमेल

Ujjain Crime News : उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन के झारड़ा थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 12 वर्षीय स्कूली छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया गया। दरिंदों ने न केवल मासूम की अस्मत लूटी, बल्कि पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे लंबे समय तक डराया और ब्लैकमेल भी किया। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो नाबालिगों समेत कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

लंच ब्रेक के दौरान छात्रा को बनाया निशाना

दिल दहला देने वाली यह घटना उस समय हुई जब मासूम बच्ची स्कूल में थी। लंच ब्रेक के दौरान परिचित होने का फायदा उठाकर आरोपी उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान घर में ले गए। वहां आरोपियों ने बच्ची को कमरे में बंधक बना लिया और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बच्ची का मुंह दबाकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

हैवानियत यहीं नहीं रुकी, आरोपियों ने इस घिनौनी करतूत का मोबाइल से वीडियो भी बना लिया। इस वीडियो के जरिए बच्ची को डराया गया कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी उसे बार-बार अपनी हवस का शिकार बनाते रहे। आखिरकार हिम्मत जुटाकर पीड़िता अपनी मां के साथ 28 मार्च को थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 5 आरोपी गिरफ्तार

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और आईटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। घेराबंदी कर पुलिस ने भंवरसिंह, राहुल, नाथूलाल और दो अन्य नाबालिगों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से वह मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है जिसमें आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किया गया था।

जेल भेजे गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर महिदपुर जेल भेज दिया है, जबकि दो नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह, उज्जैन भेजा गया है। एसडीओपी जेंडेन लिंगजार्प ने बताया कि मामले की गहन विवेचना जारी है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए पुख्ता साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *