मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में प्रसिद्ध गौ-रक्षक बाबा चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और आक्रोशित भीड़ ने दिल्ली-आगरा हाईवे (NH-19) पर जाम लगा दिया। स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
मथुरा एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, घटना शनिवार तड़के करीब 4 बजे की है। बाबा चंद्रशेखर कथित गौ-तस्करों के एक संदिग्ध वाहन का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिक जांच में यह एक दुर्घटना प्रतीत हो रही है। आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है, जो स्वयं भी घायल है। हालांकि, मौके पर मौजूद समर्थक इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।
हादसे की खबर फैलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग हाईवे पर जमा हो गए, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पथराव शुरू कर दिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई है।
बाबा चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए कोसी से आंजनौख स्थित उनकी गौशाला ले जाया जा रहा है। उनके निधन से पूरे ब्रज क्षेत्र में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।