रायपुर। राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में 2024 बैच के 13 और 2021 बैच के एक अधिकारी शामिल थे।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी प्रशासन की धुरी हैं और जनता की समस्याओं को हल करने में उनकी भूमिका अहम है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को समाज की चिंता करते हुए अपने दायित्वों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संदेश दिया।
छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संचालक टी.सी. महावर ने बताया कि इन अधिकारियों का 7 अप्रैल 2025 से शुरू हुआ इंडक्शन कोर्स अब समाप्त हो रहा है। इसके बाद ये अधिकारी राज्य के विभिन्न जिलों में डिप्टी कलेक्टर के पद पर कार्यभार संभालेंगे, जहाँ वे शासन की विभिन्न कार्यप्रणालियों को समझेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को प्रशासन में पारदर्शिता, ई-ऑफिस प्रणाली, राजस्व मामलों का समयबद्ध निराकरण और जनजातीय समाज के विकास में योगदान देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद जैसी बाधाओं के बावजूद राज्य तेजी से विकास की राह पर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प 31 मार्च 2026 तक नक्सल समस्या का उन्मूलन करना है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संयुक्त संचालक प्रणव सिंह और सभी प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने सभी को जनता की सेवा में सफलता और कुशल प्रशासन के लिए शुभकामनाएं दीं।