देवास। मध्य प्रदेश के पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री और विधायक दीपक जोशी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी कथित चौथी शादी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में दीपक जोशी को कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवीराज सक्सेना के साथ आर्य समाज मंदिर में मांग में सिंदूर भरते और मंगलसूत्र पहनाते देखा गया। तस्वीरें पल्लवीराज ने खुद साझा की थीं, लेकिन बाद में हटा दीं।

सूत्रों के अनुसार, दीपक जोशी (63 वर्ष) ने 4 दिसंबर को देवास में आर्य समाज मंदिर में पल्लवीराज सक्सेना (43 वर्ष) से शादी रचाई। हालांकि इस शादी के सामने आने के बाद दो अन्य महिलाएं—नम्रता जोशी और शिखा जोशी—आगे आईं और खुद को दीपक की कानूनी पत्नी बताया।

नम्रता जोशी ने दावा किया, “मैं दीपक जोशी की कानूनी पत्नी हूं और उनके घर में रहती हूं। पल्लवी हो, शिखा हो या कोई और, अगर वे ऐसा दावा कर रही हैं तो यह गलत है। हम कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं।”
वहीं शिखा जोशी ने कहा, “मेरी शादी दीपक से 2016 में हुई थी। जब मैंने अपनी शादी की तस्वीर साझा की तो पल्लवी ने बधाई दी थी। फिर भी उन्होंने शादी क्यों की?”
दीपक जोशी की पहली पत्नी विजया जोशी का निधन 2021 में कोरोना संक्रमण के कारण हो गया था। दीपक जोशी ने इस मामले पर फिलहाल कोई टिप्पणी करने से इंकार किया है। उन्होंने कहा, “अभी दो-तीन मामले अदालत में चल रहे हैं। 22 तारीख के बाद भोपाल लौटकर वकील से बात करूँगा।”
इस विवाद ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है और सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। कानूनी और पारिवारिक विवाद के बीच दीपक जोशी की शादी और वायरल तस्वीरें लोगों के लिए हैरानी का विषय बनी हुई हैं।