योजनाओं के लक्ष्य अनुसार प्रगति के लिए निरंतरता जरूरी : डॉ. आशुतोष

जनमन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा, लंबित निर्माण कार्यों पर जताई नाराजगी

कोरिया, 08 अप्रैल 2026/
जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने की।

बैठक में जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की तकनीकी टीम, कार्यक्रम अधिकारी तथा आवास एवं मनरेगा योजनाओं की निगरानी करने वाले जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान सीईओ ने जनमन आवास योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लंबित आवास निर्माण कार्यों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हुए उन्हें शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत हितग्राहियों को समय पर किश्त राशि मिलना अत्यंत आवश्यक है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। स्वीकृति एवं किश्त आबंटन के बीच हो रहे विलंब पर गंभीरता जताते हुए नियमित निगरानी और समय पर जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीईओ डॉ. आशुतोष ने कहा कि योजनाओं के लक्ष्य के अनुरूप प्रगति के लिए निरंतर निगरानी, फील्ड भ्रमण और हितग्राहियों से सतत संपर्क बेहद जरूरी है। उन्होंने पंचायत स्तर पर कार्यरत आवास मित्र, सचिव और रोजगार सहायकों को तकनीकी सहायकों के मार्गदर्शन में प्रतिदिन हितग्राहियों से संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रथम किश्त, द्वितीय किश्त एवं पूर्ण आवासों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *