जशपुर। जिले में गोलगप्पे खाने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। स्थानीय बाजार में एक ठेले से गोलगप्पे खाने के कुछ ही समय बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते बीमारों की संख्या दर्जनों में पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, प्रभावित लोगों को पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी की शिकायत हुई, जो फूड पॉइजनिंग के लक्षण बताए जा रहे हैं। बीमारों में बच्चे भी शामिल हैं, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
8 लोगों की हालत गंभीर
प्रभावित लोगों में से 8 ग्रामीणों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें तुरंत कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम सभी मरीजों की लगातार निगरानी कर रही है।
गांव में लगाया गया मेडिकल कैंप
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हल्के लक्षण वाले मरीजों के लिए गांव में अस्थायी मेडिकल कैंप लगाया गया, जहां कई लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया।
सभी मरीजों की हालत स्थिर
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इलाज के बाद सभी मरीजों की स्थिति अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से बाहर के खाद्य पदार्थों का सेवन करते समय सावधानी बरतने की अपील की है।
