जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जशपुर जिले के सिंगीबहार से कछुआकानी मुख्य मार्ग पर स्थित जर्जर पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इस पुल की जर्जर स्थिति के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर थे। मामला मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के संज्ञान में आते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग को निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए थे।
सिंगीबहार-कछुआकानी मार्ग क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण रास्ता है, जो छत्तीसगढ़ को पड़ोसी राज्यों झारखंड और ओडिशा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाता है। पुल के खराब होने की वजह से ग्रामीण, किसान और मजदूर लंबे समय से आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना कर रहे थे। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया से निर्देश मिलते ही विभाग ने मौके पर पहुंचकर पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
पुल निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में काफी खुशी है। स्थानीय निवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का अब समाधान होने जा रहा है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुल के बनने से न केवल आवागमन सुरक्षित और सुगम होगा, बल्कि आसपास के गांवों में व्यापारिक गतिविधियों और विकास को भी नई गति मिलेगी।