संविधान ही लोकतंत्र की आत्मा है, इसे मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : विधायक चातुरी नंद

सरायपाली, : सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व में निकाली जा रही गणतंत्र यात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत ग्राम मुंधा एवं जोगीडीपा पहुँची, जहाँ यात्रा का ग्रामीणों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।

प्रभात फेरी, देशभक्ति नारों और “रघुपति राघव राजाराम” भजन के साथ यात्रा गांव की गलियों से गुज़री, जिससे पूरे गांव में राष्ट्रभक्ति और संवैधानिक चेतना का वातावरण निर्मित हुआ।

इस अवसर पर विधायक चातुरी नंद ने ग्राम मुंधा में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात स्कूली बच्चों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने गणतंत्र के महत्व, संविधान की मूल भावना और लोकतंत्र की मजबूती पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक कानून ग्रंथ नहीं, बल्कि देश की एकता, सामाजिक न्याय और समान अवसर की आत्मा है, जिसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

विधायक चातुरी नंद ने कहा कि गणतंत्र यात्रा का उद्देश्य महात्मा गांधी जी के सत्य, अहिंसा और सामाजिक समरसता के विचारों तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान, समानता, न्याय और अधिकार के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं से अपील की कि वे संविधान के मूल्यों को समझें, अपनाएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम में किसान कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुरेश पटेल, ग्राम पंचायत मुंधा के सरपंच गनपत बरिहा, कांग्रेस नेता कन्हैया चौहान, सतीश चौहान, उपसरपंच भरत पटेल, दुष्यंत साहू, जयंत यादव, प्रियांशु चौहान, मिलाप चौहान सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली बच्चे, युवा एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

सभी ने एक स्वर में गणतंत्र यात्रा को संविधान के प्रति जागरूकता और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने वाला अभियान बताया।

ग्राम मुंधा एवं जोगीडीपा में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान संविधान के मूल आदर्शों पर चर्चा, देशभक्ति गीतों का गायन और जनसंवाद हुआ। ग्रामीणों ने गणतंत्र यात्रा को गांव-गांव तक लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश पहुँचाने वाली प्रेरणादायी पहल बताते हुए विधायक चातुरी नंद के नेतृत्व की सराहना की।

गणतंत्र यात्रा सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते हुए लोकतंत्र की मजबूती, संविधान के सम्मान और सामाजिक न्याय के संकल्प को सशक्त कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *