रायगढ़। बिलासपुर रेलवे मंडल के रायगढ़ RPF पोस्ट से एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें एक आरक्षक ने अपने ही साथी आरक्षक को गोली मार दी। घटना के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले की गंभीरता देखते हुए RPF के वरिष्ठ अधिकारी रायगढ़ के लिए रवाना हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 4 बजे की है। घायल आरक्षक का नाम पी.के. मिश्रा बताया जा रहा है। बताया गया है कि आरोपी आरक्षक ने मिश्रा पर नजदीक से तीन राउंड फायर किया, जिनमें एक गोली कनपटी पर सटाकर चलाई गई। घटना के दौरान दोनों के बीच संविधान को लेकर बहस होने की बात सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार पूरी घटना पोस्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि अब तक RPF की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
घटना के बाद घायल आरक्षक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, वहीं पुलिस और RPF अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं। घटना के कारणों और विवाद की प्रकृति को स्पष्ट करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।