शहडोल पुलिस लाइन में आरक्षक ने सर्विस रायफल से की आत्महत्या, विभागीय जांच शुरू

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की पुलिस लाइन में एक दुखद घटना घटी है। नाइट ड्यूटी पर तैनात पुलिस आरक्षक ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

मृतक आरक्षक शिशिर सिंह राजपूत रक्षित केंद्र में ड्यूटी पर थे। जानकारी के अनुसार वे कुर्सी पर बैठे हुए थे तभी उन्होंने 7.62 एमएम सर्विस रायफल से अपने सिर में गोली मार ली। गोली सिर के आर-पार हो गई जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया जिसमें आरक्षक का टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या से पहले आरक्षक किसी से फोन पर बात कर रहा था। किसी बात को लेकर वे आवेश में आ गए होंगे जिसके बाद उन्होंने मोबाइल तोड़ दिया और फिर खुद को गोली मार ली।

पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

एसपी रामजी श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना ने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों के मानसिक दबाव और तनाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *