गरियाबंद। मैनपुर नगर में रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी और गैस की किल्लत के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने अनोखा प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर यात्रा निकाली और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड पहुंची।
इसके बाद पंचायत कार्यालय के सामने प्रतीकात्मक रूप से चाय बनाने का प्रदर्शन किया गया। इस अनोखे प्रदर्शन को देखने बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। पूरे नगर और आसपास के क्षेत्र में इस प्रदर्शन की चर्चा रही। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे नाले के पास चूल्हा जलाकर चाय बनाने की कोशिश की। हालांकि यह प्रयास सफल नहीं हो सका, लेकिन इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। कांग्रेस नेताओं ने इस प्रदर्शन के जरिए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।यह प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर के अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव के नेतृत्व में किया गया।
कार्यकर्ता चाय बनाने के बर्तन और कुल्हड़ लेकर मौके पर पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई।वरिष्ठ कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि आम जनता रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और किल्लत से परेशान है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव ने आरोप लगाया कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और गैस सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार को जनता की परेशानियों की याद दिलाने के लिए किया गया है।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से चाय बनाकर लोगों को पिलाने का भी प्रयास किया। सड़क किनारे हुए इस अनोखे प्रदर्शन को देखने स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही और यह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।