बीजापुर। प्रदेश में बढ़ती नशाखोरी और अफीम की अवैध खेती के मुद्दे को लेकर गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर भाजपा कार्यालय की ओर कूच किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन से पहले विधायक कार्यालय में कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई, जिसमें महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और सेवादल के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के बाद कार्यकर्ता रैली के रूप में भाजपा कार्यालय पहुंचे।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
प्रदर्शन में शंकर कुडियम सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।