पीएम मोदी पर सोशल मीडिया पोस्ट के आरोप में कांग्रेस नेता विनोद तिवारी गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने यूपी के कौशांबी से लिया हिरासत में

छत्तीसगढ़ कांग्रेस के पीसीसी संयुक्त महामंत्री विनोद तिवारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित विवादित सोशल मीडिया पोस्ट करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के कौशांबी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उन्हें महेवाघाट थाना क्षेत्र के डक शरीरा गांव से हिरासत में लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी विनोद तिवारी इन दिनों पारिवारिक कार्यक्रम के सिलसिले में उत्तर प्रदेश आए हुए थे। बताया जा रहा है कि वे अपने पिता के पिंडदान के लिए प्रयागराज के संगम गए थे और उसी दौरान अपने पैतृक गांव डक शरीरा (कौशांबी) पहुंचे थे। इसी बीच दिल्ली पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरवरी माह में विनोद तिवारी द्वारा सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर एक कथित आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किया गया था। इसी मामले में दिल्ली में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

वहीं, गिरफ्तारी को लेकर विनोद तिवारी का कहना है कि उन्होंने 3 फरवरी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसके बाद उनके खिलाफ दिल्ली में मामला दर्ज कर लिया गया। उन्होंने बताया कि वे अपने पिता के श्राद्ध कर्म के लिए आए हुए थे, तभी पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

इधर इस पूरे मामले को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने भाजपा पर हमला बोला है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार असहिष्णु हो गई है और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है।

फिलहाल दिल्ली पुलिस विनोद तिवारी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दिल्ली ले जाने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *