दुर्ग। हाथ ठेला खरीदी में कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस के पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने इस संबंध में कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए जेम पोर्टल के माध्यम से भिलाई, रिसाली और दुर्ग नगर निगमों में अलग-अलग दरों पर हुई खरीदी पर सवाल उठाए हैं।
शिकायत में बताया गया है कि 15वें वित्त आयोग की राशि से भिलाई, रिसाली और दुर्ग नगर निगमों में जेम पोर्टल के माध्यम से हाथ ठेला खरीदा गया। हालांकि तीनों निगमों में हाथ ठेला की कीमतों में बड़ा अंतर सामने आया है। भिलाई नगर निगम में प्रति ठेला 7859 रुपये, रिसाली में 8000 रुपये और दुर्ग नगर निगम में 13011 रुपये की दर से खरीदी की गई। जबकि जेम पोर्टल से होने वाली खरीदी में दरें लगभग समान रहती हैं। तीनों नगर निगमों में दरों का इतना बड़ा अंतर संदेह पैदा करता है।
कांग्रेस पार्षद दल का कहना है कि दुर्ग नगर निगम में खरीदे गए हाथ ठेलों का वजन और साइज भिलाई व रिसाली निगम से अलग बताया जा रहा है। रिसाली नगर निगम में 140 लीटर क्षमता और 470 किलोग्राम वजन के ठेले उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि दुर्ग में खरीदी की कीमत काफी अधिक है। कांग्रेस पार्षदों का आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में गंभीर अनियमितता हुई है।
वहीं निगम के अधिकारियों का कहना है कि जेम पोर्टल पर क्वालिटी और स्पेसिफिकेशन के आधार पर दरें तय होती हैं और खरीदी में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं की गई है।
कांग्रेस पार्षद दल के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, पूर्व सभापति राजेश यादव सहित पार्षद दीपक साहू, भोला महोरिया, ललित भारद्वाज, जनार्दन नागर, गिरीश उमरे, विजय शर्मा और सुषील साहू ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जांच नहीं की गई तो कांग्रेस पार्षद दल नगर निगम का घेराव करेगा।