भोपाल | मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन दिनों हरिद्वार प्रवास पर हैं। इस दौरान वे पतंजलि योगपीठ पहुंचे, जहां उन्होंने योगगुरु बाबा रामदेव के साथ योगाभ्यास किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया और कन्या गुरुकुल में आयोजित हवन कार्यक्रम में भी सहभागिता निभाई।
शीर्षासन करते दिखे मुख्यमंत्री, सामने आई दुर्लभ तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बाबा रामदेव की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें दोनों साथ-साथ शीर्षासन करते नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह रूप आमजन ने पहली बार देखा। योग विशेषज्ञों के अनुसार, शीर्षासन कोई सहज आसन नहीं है, जिसे बिना नियमित अभ्यास के किया जा सके। इससे यह स्पष्ट होता है कि डॉ. मोहन यादव लंबे समय से योग और आसनों का नियमित अभ्यास करते रहे हैं।

संस्कार, सादगी और सम्मान की मिसाल
हरिद्वार प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने आचरण से एक बार फिर सादगी और संस्कार का परिचय दिया। यज्ञ वेदी में बैठने से पूर्व उनके लिए बिछाया गया आसन उन्होंने आदरपूर्वक बाबा रामदेव को सौंप दिया और स्वयं बिना आसन के बैठकर कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके इस व्यवहार को सनातन परंपरा के प्रति सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

भारतीय योग परंपरा के संवाहक हैं बाबा रामदेव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर बाबा रामदेव की सराहना करते हुए उन्हें भारतीय योग संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने वाला ‘भागीरथ’ बताया। उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव के प्रयासों से योग आज वैश्विक पहचान बना चुका है और भारतीय संस्कृति का गौरव बढ़ा है।