छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं पर सदन में चिंता, एक साल में करीब सात हजार लोगों ने गंवाई जान

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन सड़क दुर्घटनाओं और यातायात व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा। प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक सुनील सोनी ने प्रदेश में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मौतों को लेकर सरकार को घेरा। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सदन में स्वीकार किया कि बीते एक वर्ष में सड़क हादसों में 6898 लोगों की मृत्यु हुई है।

विधायक सुनील सोनी ने सवाल किया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विभाग का मास्टर प्लान क्या है और हादसों में होने वाली मौतों पर अंकुश लगाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। इसके जवाब में परिवहन मंत्री ने कहा कि सड़क हादसों को रोकने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

सदन में राजधानी की सुगम यातायात व्यवस्था और सिटी बसों के संचालन का मुद्दा भी उठा। विधायक सुनील सोनी ने पूछा कि रायपुर में वर्तमान में कितनी सिटी बसें संचालित हैं और आम जनता को सस्ता परिवहन क्यों नहीं मिल पा रहा है। इस सवाल पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप सदन में तत्काल सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके और उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूरी जानकारी एकत्र कर जल्द ही सदन को उपलब्ध करा दी जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *