गरियाबंद, 15 जनवरी 2026: देवभोग थाना क्षेत्र के उरमाल गांव में आयोजित छह दिवसीय ओपेरा में अश्लील नृत्य के मामले की जांच पूरी हो गई है। अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी है, जिसे आगे कमिश्नर को अग्रिम कार्रवाई के लिए प्रेषित किया जाएगा। जांच अधिकारी ने स्वयं इसकी पुष्टि की है।
जांच में कई महत्वपूर्ण अनियमितताएं सामने आई हैं। आयोजन के लिए पुलिस एवं तहसील से अनुमति नहीं ली गई थी। एसडीएम ने 29 दिसंबर को प्राप्त आवेदन पर उसी दिन अनुमति प्रदान कर दी, जबकि आवेदक के रूप में नामित नरेंद्र साहू को आवेदन के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस एवं तहसीलदार के प्रतिवेदन प्राप्त नहीं किए गए तथा भूमि स्वामी की सहमति भी नहीं ली गई। एसडीएम ने इन प्रक्रियाओं को केवल कागजी रूप से दर्शाया। जांच के दौरान आयोजक मंडल के सदस्यों, कोटवार, सरपंच, पंच तथा मीडिया कर्मियों के बयानों से एसडीएम की आयोजन में उपस्थिति और उसमें शामिल होकर मजा लेने की बात भी सत्यापित हुई है।
इस बीच, अश्लील प्रदर्शन से संबंधित मामले में 15वीं गिरफ्तारी हुई है। 8 जनवरी को प्रस्तुति देने वाली डांसर सुचित्रा जेना को ओडिशा के जाजपुर जिले के थाना धर्मशाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी फैजुल शाह ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। मामले में देवभोग पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 तथा 3-5 के तहत अपराध दर्ज किया था, जिसमें अब तक 14 आयोजकों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस 9 जनवरी के आयोजन में शामिल डांसर निशा महाराणा की तलाश कर रही है। निशा ने कार्यक्रम से पूर्व सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर भीड़ जुटाने की अपील की थी। उल्लेखनीय है कि 9 जनवरी को हुए अश्लील नृत्य प्रदर्शन के दौरान एसडीएम थिरकते हुए दिखाई दिए थे, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था।
जांच रिपोर्ट के आधार पर अब विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।