डीएफओ के खिलाफ शिकायत करना युवक को पड़ा भारी, जेल भेजे जाने पर सीसीएफ ने दिए जांच के आदेश

रायसेन। रायसेन जिले में वन विभाग से जुड़ा एक विवाद सामने आया है, जहां डीएफओ के खिलाफ कथित शिकायत करने वाले युवक को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिए जाने का मामला चर्चा में है। प्रकरण में मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) क्षितिज कुमार ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की बात कही है।

शिकायतकर्ता पर कार्रवाई का आरोप

जानकारी के अनुसार, सिलवानी तहसील के ग्राम खेरी निवासी आजाद खान ने क्षेत्र में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। आरोप है कि इसके बाद वन विभाग ने उन्हें ही आरोपी बनाते हुए मारपीट की और प्रकरण दर्ज कर जेल भेज दिया।

परिजनों का कहना है कि खमरिया, चौका और जमुनिया बीट क्षेत्र में बड़ी संख्या में सागौन के पेड़ों की कटाई हुई है, जिसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई थी। शिकायत के बाद युवक को प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है।

डीएफओ से मांगा गया पक्ष

मीडिया द्वारा इस मामले में डीएफओ प्रतिभा शुक्ला से प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया। उन्होंने मामले में जांच दल गठित करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

सीसीएफ बोले—निष्पक्ष जांच होगी

मुख्य वन संरक्षक क्षितिज कुमार ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मामला जांचाधीन है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *